रायपुर, 16 जुलाई।
रेलवे भर्ती बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के आरोप में डी.डी. नगर थाना पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और परीक्षा का प्रवेश पत्र बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। विशेष निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि वह परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था और कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था। उसी मोबाइल से परीक्षा के दौरान प्रश्नों के फोटो लिए गए। बरामद मोबाइल की जांच में परीक्षा के प्रश्नों के फोटो मिले, जिनका मिलान स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से किया गया।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद शिकायत के आधार पर डी.डी. नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अफताब, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।














