कानपुर, 16 जुलाई।
बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बहन के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करने पर 23 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और छेड़खानी के विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, साईंपुरवा कच्ची बस्ती निवासी साहिल पिकअप चालक था और परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला अरुण गुप्ता पिछले करीब दो वर्षों से साहिल की बहन के साथ छेड़खानी करता था। वह रास्ते में रोककर अभद्र टिप्पणियां और अश्लील इशारे करता था। इस संबंध में परिवार ने पिछले वर्ष जुलाई में जूही थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। कुछ समय तक मामला शांत रहा, लेकिन बाद में युवती को फिर से परेशान किया जाने लगा।
परिजनों के मुताबिक, साहिल कई बार इसका विरोध कर चुका था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। आरोप है कि उस समय अरुण ने साहिल को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
बुधवार को साहिल घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में बाबूपुरवा क्षेत्र के डिग्गी तालाब के पास रेलवे ट्रैक किनारे वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि साहिल के सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से कई वार किए गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर साईंपुरवा निवासी अरुण गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश और छेड़खानी के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड की तलाश की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।














