जयपुर, 16 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए सोजत रोड नगर पालिका के एक संविदा कर्मी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने के नाम पर परिवादी से यह रकम मांगी गई थी।
पुलिस के अनुसार, परिवादी ने शिकायत में बताया था कि उसके बड़े पिताजी के नाम पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने के लिए आरोपित अकाउंटेंट, जेईएन और ईओ के नाम पर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत का सत्यापन होने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपित को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपित ने रिश्वत की रकम अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली थी, जिसे टीम ने बरामद कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले सोजत रोड पंचायत में कर्मचारी था। सेवानिवृत्ति के बाद वह दिसंबर 2025 तक नगर पालिका में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत रहा। 65 वर्ष से अधिक आयु होने पर उसने अपने पुत्र सुनील शर्मा को संविदा पर नियुक्त करवा दिया, जबकि कार्य स्वयं करता रहा।
पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि संविदा कर्मी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति से काम किस प्रकार कराया जा रहा था और इस पूरे मामले में नगर पालिका के अधिकारियों की क्या भूमिका रही।














