लखीमपुर खीरी, 16 जुलाई।
भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान गौरीफंटा पुलिस ने अवैध तंबाकू की तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए नेपाल की छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 525 पैकेट तंबाकू बरामद किए गए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत 47,250 रुपये बताई गई है। पुलिस ने जब्त तंबाकू को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ककरहिया से मोहन नदी घाट जाने वाले कच्चे मार्ग पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पीठ पर बैग लेकर जा रही कुछ संदिग्ध महिलाएं दिखाई दीं।
पुलिस ने महिलाओं को रोककर तलाशी ली तो उनके बैगों से 525 पैकेट अवैध तंबाकू बरामद हुई। पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे इस तंबाकू को अवैध रूप से नेपाल ले जा रही थीं।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी महिलाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। गिरफ्तार महिलाएं नेपाल के कैलाली जिले की निवासी हैं। सुरक्षा एजेंसियां उनसे मामले में आगे पूछताछ कर रही हैं।














