रायपुर, 16 जुलाई।
राजधानी रायपुर में अवैध गांजा की तस्करी और बिक्री के प्रयास पर कार्रवाई करते हुए डी.डी. नगर थाना पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.150 किलोग्राम गांजा और एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 15 जुलाई को सूचना मिली कि कुछ युवक रायपुरा स्थित बीआरएनटी कॉलोनी वाटर पार्क के पास एक्टिवा से गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान अवंश मोदक, आर्यन सारथी और अमित सारथी के रूप में बताई। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें एक्टिवा में रखे कपड़े के थैले से 2.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद गांजा और एक्टिवा वाहन को जब्त कर आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। गांजा की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।














