नई दिल्ली, 23 जुलाई।
संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में देश भर में आई प्राकृतिक आपदाओं के पीड़ितों को याद कर शोक व्यक्त किया गया। कार्यवाही के शुरुआत में ही सभापति ने कई राज्यों में आपदा के कारण हुई भारी तबाही और जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख जताया।
इसके बाद नीट परीक्षा के मुद्दे पर चर्चा को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त गतिरोध देखने को मिला। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है लेकिन विपक्ष द्वारा शर्तें थोपी जा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस गंभीर मसले पर किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि सार्थक बातचीत की जानी चाहिए। दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर हमला बोलते हुए शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। दोनों पक्षों के बीच लगातार जारी हंगामे और नारेबाजी के चलते सभापति ने सदन की कार्यवाही को दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।










