नई दिल्ली, 23 जुलाई।
संसद के मानसून सत्र के दौरान नीट पेपर लीक मामले पर राजनीतिक सरगर्मी और ज्यादा बढ़ गई है। संसद भवन के मकर द्वार के बाहर एनडीए के सांसदों ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
यह विरोध प्रदर्शन हाल ही में प्रधानमंत्री आवास के पास दिए गए कांग्रेस के धरने के जवाब में किया गया। सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल हंगामा करना जानता है और चर्चा से भाग रहा है।
सांसदों का कहना था कि कांग्रेस पार्टी संसद का समय बर्बाद कर रही है और गंभीर मुद्दों पर राजनीति कर रही है। संबित पात्रा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने छात्रों और अन्य लोगों से मिलकर बातचीत की है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का बड़ा फैसला लिया है ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके। सुधांशु त्रिवेदी ने जोर देकर कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर और संवेदनशील है।











