भोपाल, 23 जुलाई।
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनहित और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और मांगों के त्वरित निराकरण के लिए मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं था, उन्हें आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री काश्यप ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर उनका शीघ्र समाधान कराया जाएगा।











