नई दिल्ली, 23 जुलाई।
घरेलू शेयर बाजार में आज दिन के शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच रिकवरी देखने को मिल रही है। कारोबार की शुरुआत ही कमजोरी के साथ हुई थी और बाजार खुलते ही खरीदारों तथा बिकवालों के बीच जबरदस्त खींचतान शुरू हो गई, जिससे सूचकांक की चाल असंतुलित हो गई। इस हलचल के बीच शुरुआती एक घंटे के अंतराल में खरीदार कुछ हद तक हावी नजर आए और एक घंटा बीतने पर सेंसेक्स 0.18 प्रतिशत तथा निफ्टी 0.17 प्रतिशत के नुकसान के साथ कामकाज कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का समय पूरा होने पर स्टॉक मार्केट के प्रमुख दिग्गज शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, एटरनल, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ट्रेंट लिमिटेड और बजाज फिनसर्व के शेयर 1.29 प्रतिशत से लेकर 0.61 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके विपरीत, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, नेस्ले, अदानी एंटरप्राइजेज, टाटा स्टील और अदानी पोर्ट्स के शेयर 2.83 प्रतिशत से लेकर 0.80 प्रतिशत तक की गिरावट के दायरे में ट्रेड करते हुए दिखाई दे रहे थे।
इस समय तक शेयर बाजार में कुल 2,639 शेयरों में सक्रिय कारोबार चल रहा था। इनमें से 957 शेयर मुनाफा लेकर हरे निशान के भीतर बने हुए थे, और 1,682 शेयर नुकसान झेलकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के समर्थन से हरे निशान में टिके हुए थे। दूसरी तरफ, 20 शेयर बिकवाली के दबाव की वजह से लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे, तथा निफ्टी के 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में कामकाज कर रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 239.95 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,515.10 अंक के स्तर पर खुला। बाजार के खुलते ही बिकवालों का जोर बढ़ने से यह सूचकांक 400 अंक से ज्यादा फिसलकर 76,344.67 अंक के स्तर तक नीचे आ गया। हालांकि शुरुआती 20 मिनट का समय बीतने के बाद बाजार में खरीदारों की सक्रियता बढ़ने लगी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति सुधरने लगी। लगातार जारी उठापटक के बीच सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 140.05 अंक की कमजोरी लेकर 76,615 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तर्ज पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने आज 91.45 अंक यानी 0.38 प्रतिशत लुढ़ककर 23,904.80 अंक के स्तर से अपने कारोबार का आरंभ किया। बाजार के आरंभ होने के कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव गहराने से यह सूचकांक लगभग 120 अंक गिरकर 23,876.20 अंक के निचले स्तर तक चला गया था। इसके बाद खरीदारों द्वारा लिवाली किए जाने से इसकी चाल में सुधार देखा गया। बाजार में जारी घट-बढ़ के बीच सुबह 10:15 बजे निफ्टी 39.60 अंक की कमजोरी के साथ 23,956.65 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया।
इससे पहले बीते कारोबारी दिवस बुधवार को सेंसेक्स 715.06 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,755.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने भी 191.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत का गोता लगाते हुए 23,996.25 अंक के स्तर पर अपने बुधवार के कारोबार का समापन किया था।










