Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
23 Jul, 2026

इंदौर में प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में 175 करोड़ रुपये की लागत से बने मध्य प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की एक भुजा का लोकार्पण किया।

भोपाल, 23 जुलाई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर में प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की एक भुजा का लोकार्पण किया। लवकुश चौराहे पर 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस फ्लाईओवर को उन्होंने आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, यातायात जाम से राहत मिलेगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित इंदौर और विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण अधोसंरचनात्मक उपलब्धि है।

डॉ. यादव ने बताया कि इस परियोजना की प्रमुख विशेषता इसकी त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है। पहले स्तर पर लवकुश चौराहे का सामान्य यातायात, दूसरे स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर और मेट्रो रेल कॉरिडोर तथा तीसरे स्तर पर नया डबल लेयर फ्लाईओवर संचालित होगा। इससे चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा।

इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित लगभग 1450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर में 22 मीटर की ऊंचाई पर 65 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर लगाए गए हैं। परियोजना में कुल 800 टन स्टील संरचना का उपयोग किया गया है, जिससे यह प्रदेश की प्रमुख इंजीनियरिंग परियोजनाओं में शामिल हो गई है।

फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू होने के बाद अरविंदो से बाणगंगा की ओर यातायात प्रारंभ होगा। दूसरी भुजा का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसके भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़