भोपाल, 27 जुलाई।
नगर निगम भोपाल ने निर्धारित समय सीमा के भीतर विज्ञापन शुल्क जमा नहीं करने पर मेसर्स ग्रेसपुल इंडिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निगम ने एजेंसी की 28.54 लाख रुपये की बैंक गारंटी राजसात कर उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया। साथ ही उसके आवंटित पांचों यूनीपोल हटाकर जब्त कर लिए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर होर्डिंग शाखा द्वारा विभिन्न विज्ञापन एजेंसियों से नियमानुसार विज्ञापन शुल्क की वसूली की जा रही है। निगम ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के भीतर शुल्क जमा नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम अधिकारियों के अनुसार, निविदा प्रक्रिया के तहत ग्रेसपुल इंडिया को अयोध्या बायपास रोड पर पांच यूनीपोल के माध्यम से विज्ञापन प्रदर्शित करने का अधिकार दिया गया था। एजेंसी को निर्धारित अवधि में 28.54 लाख रुपये का विज्ञापन शुल्क निगम कोष में जमा करना था, लेकिन भुगतान नहीं होने पर बैंक गारंटी की पूरी राशि राजसात कर ली गई।
इसके अलावा एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करते हुए उसके आवंटित सभी पांच यूनीपोल हटाकर जब्त कर लिए गए। नगर निगम का कहना है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

















