फर्रुखाबाद, 27 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचाल घाट मसेनी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक रविवार की देर रात एक दर्दनाक वारदात को अंजाम दिया गया, जहां फरीदाबाद के रहने वाले एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद अंतर्गत चंदावली थाना क्षेत्र के दयालपुर निवासी सुरेंद्र सिंह के 32 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और दो साल के मासूम बेटे जयंत के साथ बीती 24 जुलाई को अपनी कार से सफर पर निकले थे। वे लोग बनारस से होते हुए फर्रुखाबाद के रास्ते आगरा की ओर बढ़ रहे थे।
रविवार की रात जब अरुण पांचाल घाट पुलिस चौकी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तो वे पंकज चौहान की किराने की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक और बच्चे के लिए चॉकलेट खरीदने के लिए रुके। ठीक उसी दौरान पीछे से एक सफेद रंग की कार में सवार होकर दो बदमाश वहां आ धमके और उन्होंने बेहद नजदीक से अरुण के सिर में दो गोलियां दाग दीं।
गोलियों की आवाज और हमले के बाद अरुण खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मसेनी चौराहे की तरफ फरार हो गए। सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से पत्नी और पुलिसकर्मियों द्वारा घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि मृतक युवक एक प्लाइटिंग कंपनी में काम करता था। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कई विशेष टीमों का गठन कर दिया है, जो लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं। सीओ सिटी अभय वर्मा ने भी पत्नी से पूरी जानकारी हासिल की है और पुलिस ने जल्द ही गुनाहगारों को बेनकाब करने का दावा किया है।

















