देवास, 30 जुलाई।
शहर के शुक्रवारिया क्षेत्र में फल का ठेला लगाने को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। बाजार में कुछ लोगों ने कथित तौर पर फल विक्रेता और उसके दो बेटों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
घायलों की पहचान आजाद और उनके बेटे अयान व फैजान के रूप में हुई है। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
घायलों का आरोप है कि वे लंबे समय से शुक्रवारिया क्षेत्र में फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इसी स्थान पर ठेला लगाने को लेकर कुछ लोगों से पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। उनका कहना है कि उन्हें कई बार ठेला हटाने की धमकी दी गई थी। गुरुवार को इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना व्यस्त बाजार क्षेत्र में होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक शुरू हुई मारपीट के बाद लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
वायरल वीडियो में कुछ लोग तीनों पर डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस वीडियो की प्रमाणिकता की जांच कर रही है। पुलिस वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में विवाद ठेला लगाने को लेकर सामने आया है। घायलों के बयान, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















