नई दिल्ली, 30 जुलाई।
दिल्ली में नीट परीक्षा लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर अब आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को इस राहत का लाभ नहीं मिलेगा।
गौरतलब है कि 29 जुलाई तक नीट (यूजी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए प्रदर्शनों के संबंध में दिल्ली पुलिस ने कुल 13 मामले दर्ज किए थे।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की मंजूरी के बाद गृह विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि दिल्ली के किसी भी पुलिस प्राधिकरण द्वारा इन प्रदर्शनों में शामिल लोगों के खिलाफ कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, यह संरक्षण उन व्यक्तियों पर लागू नहीं होगा जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है।
विज्ञप्ति में बताया गया कि इन मामलों में गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए लोगों के प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी और उनकी रिहाई की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
गृह विभाग ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी और संबंधित मामलों को समाप्त माना जाएगा।

















