भोपाल, 30 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने मैन्स पैरा 100 मीटर टी-47 स्पर्धा में दिलीप महादु गावित के स्वर्ण पदक और मोहम्मद बासिल के रजत पदक जीतने पर खुशी जताई। इसके अलावा मैन्स लॉन्ग जंप में श्रीशंकर के रजत पदक हासिल करने पर भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
डॉ. यादव ने गुरुवार को जारी संदेश में कहा कि खिलाड़ियों की इस सफलता ने करोड़ों भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और अथक मेहनत का प्रेरक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय खिलाड़ी आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा के बल पर विश्व मंच पर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

















