अनूपपुर, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में सड़क हादसे को लेकर जिला कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में गुरुवार को थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस ने 29 जुलाई को कोतमा-निगवानी मार्ग पर हुए हादसे के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर थाने का घेराव किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि कोतमा-निगवानी मार्ग पर जेएमएस कंपनी की एक गाड़ी ने एक युवक को टक्कर मार दी थी। आरोप है कि हादसे के बाद चालक घायल को मौके पर छोड़कर वाहन लेकर फरार हो गया।
12 वर्षीय बालक का पैर टूटा
जानकारी के अनुसार, कोतमा नगर में बुधवार शाम तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दो बच्चों को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया।
घटना में 12 वर्षीय वेदांश त्रिपाठी के पैर की हड्डी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं उसके साथ मौजूद दूसरे किशोर को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने दोनों घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
कांग्रेस ने इस घटना को हिट एंड रन मामला बताते हुए आरोप लगाया कि हादसे के समय वाहन में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। पार्टी का कहना है कि इसके बावजूद घायल को अस्पताल पहुंचाने और पुलिस को सूचना देने की जिम्मेदारी नहीं निभाई गई।
कांग्रेस की मांगें
कांग्रेस ने चालक के खिलाफ हिट एंड रन समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। इसके अलावा वाहन में मौजूद कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई, घायल के इलाज का पूरा खर्च कंपनी से दिलाने और आबादी वाले क्षेत्रों में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग रखी गई है।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और घायल के इलाज की व्यवस्था नहीं की गई तो पार्टी थाने का घेराव करेगी और आंदोलन शुरू करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राजेश जैन, महासचिव संतोष यादव, सचिव रवि पांडेय, देवेंद्र गौतम, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा, संध्या वर्मा और मोहम्मद सफीर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

















