ग्वालियर, 30 जुलाई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्टेंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने की।
बैठक में नगरीय निकायों की वर्ष 2026 की अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची की एक-एक प्रति जिले के सभी राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से देवराज भार्गव और चैनसिंह राजपूत, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि सतेन्द्र धाकड़ और सत्यप्रकाश झा, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि हाकिम सिंह राजौरिया, एचडी मौर्य और नरेश सिंह दौनेरिया तथा आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि त्रिलोक सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल बनवारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले की अनुमानित जनसंख्या और मतदाता अनुपात को लेकर जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर जिले की अनुमानित जनसंख्या करीब 25 लाख है। इसके अनुसार ईपी रेशो 64 प्रतिशत माना जाता है, जिसके आधार पर जिले में लगभग 16 लाख मतदाता होने चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि नगरीय निकायों और नगरीय पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची वर्ष 2026 के अनुसार जिले में ईपी रेशो 64 प्रतिशत की तुलना में 58 हजार 613 मतदाता अधिक दर्ज हैं।

















