राजगढ़, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुदाली में खेत पर कुएं की मोटर चालू करते समय करंट लगने से 59 वर्षीय किसान और मंदिर के पुजारी की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कुदाली निवासी शिवदास (59) पुत्र हरिदास बैरागी गुरुवार दोपहर अपने खेत पर स्थित कुएं की मोटर चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही शिवदास मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि शिवदास बैरागी खेती-किसानी के साथ गांव के मंदिर में पुजारी के रूप में भी सेवा देते थे। उनकी अचानक हुई मौत से गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें करंट किन परिस्थितियों में लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

















