नई दिल्ली, 30 जुलाई।
भारतीय रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे के वाडी-रायचूर रेलखंड पर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 220 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत 102 किलोमीटर लंबे दोहरी रेल लाइन वाले वाडी-रायचूर खंड में मौजूदा 25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को उन्नत कर आधुनिक 2×25 केवी प्रणाली में बदला जाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, वाडी-रायचूर रेलखंड एक महत्वपूर्ण उच्च घनत्व वाले रेल मार्ग का हिस्सा है, जो मुंबई, पुणे, वाडी, रायचूर, गुंटकल, कडप्पा, रेनीगुंटा और चेन्नई को जोड़ता है।
नई ट्रैक्शन प्रणाली लागू होने के बाद इस मार्ग पर अधिक संख्या में यात्री और मालगाड़ियों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे ट्रेनों की आवाजाही बेहतर होगी और रेल सेवाओं की क्षमता में भी वृद्धि होगी।
रेलवे ने बताया कि यह परियोजना व्यस्त रेल मार्गों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की बढ़ती परिवहन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नेटवर्क को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
















