भोपाल, 30 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को झाबुआ जिले के थांदला में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्व-सहायता समूहों का क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में पहल करते हुए 300 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण करेंगे।
यह कार्यक्रम 31 जुलाई को थांदला स्थित शासकीय महाविद्यालय ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नत किसानों से संवाद भी करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. यादव 174.64 करोड़ रुपये लागत के 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 109.17 करोड़ रुपये के 28 विकास एवं आधारभूत संरचना कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया जाएगा और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम को महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसरों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से चर्चा के दौरान जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं और प्रयासों पर भी संवाद करेंगे।
इस अवसर पर जिले के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के 215 स्व-सहायता समूहों को 10.8 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर आयोजित "आजीविका मेला" प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

















