Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
30 Jul, 2026

मुरैना के बघरोली में मुक्तिधाम नहीं, कीचड़ से निकली शवयात्रा

वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों ने सड़क और अंतिम संस्कार स्थल की मांग उठाई।

मुरैना, 30 जुलाई।

आजादी के 78 साल बाद भी मुरैना जिले के कैलारस जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बघरोली में ग्रामीणों को मुक्तिधाम की सुविधा नहीं मिल सकी है। श्मशान स्थल और वहां तक पहुंचने के लिए मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अब भी खुले स्थान पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है।

हाल ही में एक वृद्ध महिला की शवयात्रा को कीचड़ भरे रास्ते और नदी पार कर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद गांव की समस्या एक बार फिर सामने आई है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत मुख्यालय बघरोली में अभी तक मुक्तिधाम का निर्माण नहीं हुआ है। श्मशान स्थल तक पहुंचने के लिए न तो कच्चा मार्ग है और न ही पक्का रास्ता। बारिश के मौसम में सुख नदी में पानी बढ़ जाने से शवयात्रा निकालना और भी मुश्किल हो जाता है।

ऐसे हालात में ग्रामीणों को शव को कंधों पर उठाकर कीचड़, पगडंडियों और नदी को पार करते हुए अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचाना पड़ता है।

बताया गया कि कुछ दिन पहले गांव की वृद्ध महिला कंबोदा राठोर का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए निकली शवयात्रा को कठिन रास्तों से गुजरना पड़ा। कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर मुक्तिधाम और सड़क निर्माण की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि वर्षों से जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने समस्या रखी जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में बीमार लोगों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भी इसी दुर्गम रास्ते से गुजरना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हुआ, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

इस मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि जिले के सभी गांवों में मुक्तिधाम स्वीकृत और निर्मित हैं। यदि बघरोली में खुले स्थान पर अंतिम संस्कार की बात सामने आई है तो इसकी जांच कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपनी निजी भूमि पर भी अंतिम संस्कार कर लेते हैं। यदि जांच में सुविधा की कमी या कोई अन्य कारण सामने आता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

सुबह-सुबह की महत्वपूूर्ण सिद्घि के बाद दिन-भर उत्साह रहेगा। किसी लाभदायक कार्य के लिए व्ययकारक स्थितियां पैदा होगी। अल्प-परिश्रम से ही लाभ होगा। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। घरेलू बहुमूल्य वस्तुओं के क्रय का योग है। शुभांक-1-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़