राजगढ़, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, ब्यावरा मंडल की ओर से पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने संत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मंत्री पंवार ने संत गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेशवाहक थे।
उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवन और विचारों से यह संदेश दिया कि जाति, वर्ग और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर सच्ची श्रद्धा, सेवा और अच्छे कर्मों के माध्यम से ईश्वर की कृपा प्राप्त की जा सकती है।
मंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास का संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को आंतरिक पवित्रता, सामाजिक सद्भाव और नैतिक जीवन की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास के विचार वर्तमान समय में भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितने उनके समय में थे। उनके आदर्श समाज को जोड़ने, भेदभाव समाप्त करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं।
मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार संतों और महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को लोगों तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि संतों के आदर्शों को अपनाकर ही समरस, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, मोर्चा मंडल अध्यक्ष गगन चौहान, मंडल महामंत्री दीपक सामरे, सुमित सोलंकी, विष्णु साहू, गोपाल जाटव, दिलीप भार्गव, सोनू जाटव, रामबाबू प्रजापति, अरविंद शर्मा, हरीश शाक्यवार, शंकर अहिरवार, ओम छाईया, बनवारी कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















