भोपाल, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार से एसी ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है। ट्रायल रन पूरा होने के बाद पहले चरण में 10 इलेक्ट्रिक बसों को शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर उतारा गया है। इन बसों का किराया लाल बसों के समान 7 से 40 रुपये तक रखा गया है, जिससे यात्रियों को बिना अतिरिक्त खर्च के आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सफर की सुविधा मिलेगी।
भोपाल में शुरुआती दौर में ई-बसों को तीन व्यस्त मार्गों पर चलाया जा रहा है। इनमें चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन (वाया बैरागढ़-चिचली), चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन और डीबी मॉल से कोच फैक्टरी मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा कोलार से एमपी नगर के बीच भी यात्रियों को एसी सफर की सुविधा मिलने लगी है।
नई ई-बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं दी गई हैं। इनमें हाइड्रोलिक डोर और दो व्हीलचेयर रखने के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया है। सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में 6 सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस और पैनिक बटन की सुविधा भी दी गई है।
नई बसों का आकार शहर में चल रही 12 मीटर लंबी सिटी बसों से छोटा है। इनकी लंबाई 9 मीटर और चौड़ाई 3.5 मीटर है। छोटे आकार के कारण ये बसें शहर के संकरे रास्तों और अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में आसानी से संचालित हो सकेंगी।
नगर निगम के अनुसार, इन बसों का संचालन रोजाना दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी। बसें शहर के मौजूदा बस स्टॉप्स पर ही रुकेंगी।
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और एमआईसी सदस्य मनोज राठौर ने बताया कि भोपाल में अब तक कुल 30 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं। अगले 10 से 12 दिनों में 20 और बसें आने की संभावना है।
फिलहाल 10 बसों को सड़कों पर उतारा गया है। 15 अगस्त को प्रदेश स्तर पर होने वाले औपचारिक लोकार्पण के बाद सभी 30 बसें नियमित सेवा में शामिल हो जाएंगी। बसों की चार्जिंग के लिए बैरागढ़ डिपो में 11 फास्ट-चार्जर पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जिससे संचालन सुचारू रखने में मदद मिलेगी।

















