इंदौर, 30 जुलाई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 को लेकर स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय निकायों और पंचायतों की अंतिम प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूची, पुनरीक्षण कार्य और दावे-आपत्तियों के निराकरण की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची भी वितरित की गई। बैठक में सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव और मास्टर ट्रेनर आरके पांडे भी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि 27 जुलाई 2026 को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। अंतिम सूची के अनुसार जिले के नगरीय निकायों में कुल 17 लाख 91 हजार 658 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 9 लाख 979 पुरुष, 8 लाख 90 हजार 586 महिला और 93 अन्य मतदाता शामिल हैं।
वहीं जनपद पंचायत क्षेत्रों में कुल 7 लाख 16 हजार 523 मतदाता हैं। इनमें 3 लाख 62 हजार 4 पुरुष, 3 लाख 54 हजार 507 महिला और 12 अन्य मतदाता शामिल हैं।
इस तरह जिले के नगरीय निकाय और पंचायत क्षेत्रों को मिलाकर कुल 25 लाख 8 हजार 181 मतदाता हैं। इनमें 12 लाख 62 हजार 983 पुरुष, 12 लाख 45 हजार 93 महिला और 105 अन्य मतदाता शामिल हैं।
बैठक में नगरीय निकायवार मतदाताओं की संख्या की जानकारी भी दी गई। नगर पालिक निगम इंदौर में कुल 16 लाख 61 हजार 801 मतदाता दर्ज हैं। वहीं महूगांव में 31 हजार 535, मानपुर में 5 हजार 893, राऊ में 30 हजार 783, सांवेर में 12 हजार 758, देपालपुर में 15 हजार 220, गौतमपुरा में 11 हजार 140, बेटमा में 13 हजार 335 और हातोद में 9 हजार 193 मतदाता हैं।
जनपद पंचायतवार आंकड़ों के अनुसार इंदौर में एक लाख 84 हजार 598, डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में 2 लाख 5 हजार 731, सांवेर में एक लाख 68 हजार 968 और देपालपुर में एक लाख 57 हजार 226 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन संबंधित वार्डों, ग्राम पंचायतों और अन्य निर्धारित स्थानों पर किया जा सकता है।

















