बागपत, 31 जुलाई।
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। थाना दोघट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह गौकशी मामले में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को थाना दोघट क्षेत्र के गांव फोलादनगर में प्रतिबंधित पशु कटान की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई थी। मौके से पशु अवशेष बरामद होने के बाद संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। इसी प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गुरुवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोघट पुलिस ग्राम मिलाना के जंगल क्षेत्र में जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक से जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान फोलादनगर निवासी राशिद पुत्र इमरान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
बागपत एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि आरोपी गौकशी के मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गुरुवार रात हुई मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
















