नई दिल्ली, 31 जुलाई।
दिल्ली सरकार ने छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘विद्या वाहिनी’ योजना की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरकारी स्कूलों की 9वीं कक्षा की 3,000 से अधिक छात्राओं को मुफ्त साइकिलें वितरित कीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से साइकिल उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल छात्राओं की शिक्षा को आसान बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं तथा सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नारी शक्ति के सम्मान और शिक्षा के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाने के संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास और मेहनत के साथ पढ़ाई करें तथा अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए आगे बढ़ें। कार्यक्रम में छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाई पेंटिंग भी भेंट की, जिसकी उन्होंने सराहना की।
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन में महिला नेतृत्व वाले विकास को विशेष महत्व दिया गया है। शिक्षा महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है और ‘विद्या वाहिनी’ योजना इसी दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का स्कूल आने-जाने का सफर सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इससे समय की बचत होगी, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और स्कूल छोड़ने की संभावना कम होगी। साथ ही अभिभावकों की रोजमर्रा की चिंताएं भी कम होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और अवसर का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का जिम्मेदारी से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ योजना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दिल्ली की कमान एक महिला मुख्यमंत्री के हाथों में है, जो बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पटपड़गंज विधायक रविंदर सिंह नेगी, शिक्षा एवं खेल निदेशक नितिन जिंदल, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।
















