राजगढ़, 31 जुलाई।
राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का शुक्रवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री पंवार ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों व अधिकारियों से कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाए और तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।
मंत्री ने कहा कि विद्यालय केवल एक इमारत नहीं होता, बल्कि यह प्रदेश के भविष्य को तैयार करने का केंद्र है। विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने विद्यालय परिसर में खेल मैदान, पार्क और वाहन पार्किंग को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र की अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति, तकनीकी प्रगति और आगे की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। मंत्री ने जल्द से जल्द कार्य पूरा कर विद्यार्थियों को नए भवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री ज्ञानदीप, विद्यालय प्राचार्य एसएस यादव सहित विभागीय अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

















