मैहर, 31 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले की अमरपाटन विधानसभा में किसानों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष और अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन से पहले अमरपाटन के एक निजी मैरिज गार्डन में सभा आयोजित की गई। इसमें विधायक ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए अघोषित बिजली कटौती, खराब पड़े बिजली ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने और किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने और खाद की कमी के कारण किसान परेशान हैं। उन्होंने कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग रखी।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने रैली निकाली और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान विधायक ने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के हितों को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।

















