मंदसौर, 31 जुलाई।
मंदसौर जिले में मानसून की सक्रियता के चलते पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है। गुरुवार दोपहर बाद शुरू हुई बारिश देर रात तक चलती रही। शुक्रवार सुबह तक कई क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। हालांकि बाद में बारिश थमने के बाद कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही।
पिछले 24 घंटे में जिले में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट आई है। इसके साथ ही खरीफ फसलों के लिए खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है।
इस मानसून सीजन में अब तक जिले में 14.76 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि से करीब पांच इंच कम है। वर्ष 2025 में इसी समय तक जिले में 19.31 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
जिला मुख्यालय के अलावा अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, दलौदा, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है।
बारिश के कारण जिले के मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। तापमान में गिरावट के साथ मौसम में बदलाव महसूस किया गया। शुक्रवार को बारिश रुकने के बाद कुछ देर धूप निकली, लेकिन बादल पूरे दिन छाए रहे।
किसानों के अनुसार, हाल में हुई बारिश से खेतों में नमी बनी हुई है, जो सोयाबीन, मक्का और उड़द जैसी खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। पर्याप्त नमी मिलने से फसलों की बढ़वार और उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र में हुई बारिश के कारण शिवना नदी में पानी की आवक बढ़ी है। इसके चलते कालाभाटा डेम का एक गेट भी खोला गया है।

















