अनूपपुर, 31 जुलाई।
अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मौहरी गांव में एक वृद्ध का शव घर के कमरे में मिला। 75 वर्षीय रमेश चौधरी की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार-शुक्रवार की रात परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम अनूपपुर जिला चिकित्सालय में कराया गया।
जांच अधिकारी एसआई कोमल अरजरिया के अनुसार, परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि रमेश चौधरी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वह रक्तचाप और मधुमेह जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थे।
परिजनों ने बताया कि उनकी पत्नी नेत्रहीन होने के साथ पिछले 8 से 10 वर्षों से लकवाग्रस्त हैं। पुलिस के अनुसार, बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा।
घटना के समय घर में उनकी पत्नी के अलावा कोई मौजूद नहीं था। उनके दोनों बेटे और परिवार के अन्य सदस्य खेत गए हुए थे। रात करीब 8 बजे जब बेटे घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जाता है कि रमेश चौधरी संगीत में रुचि रखते थे। वे ढोलक और हारमोनियम जैसे वाद्ययंत्र बजाने के साथ लोक संगीत में भी कुशल थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

















