धर्मशाला, 31 जुलाई।
नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10.28 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। सीआईए नूरपुर की टीम ने गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात सीआईए नूरपुर की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंडवाल इलाके में मौजूद टीम को एक संदिग्ध युवक के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर नागनी माता मंदिर बस स्टॉप के पास कार्रवाई करते हुए युवक को रोककर उसकी जांच की गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 10.28 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान साहिल (26) निवासी गांव व डाकघर डागला, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
एसपी नूरपुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना नूरपुर में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की पुलिस जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
















