Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अपराध
31 Jul, 2026

नूडल्स फैक्ट्री में काम कर रहे पांच बाल श्रमिक मुक्त, संचालक फरार

जयपुर में पुलिस ने नूडल्स पैकिंग फैक्ट्री पर कार्रवाई कर पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जयपुर, 31 जुलाई।

राजधानी में बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दौलतपुरा थाना क्षेत्र की एक नूडल्स पैकिंग फैक्ट्री से पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है। पुलिस और मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री में दबिश देकर बच्चों को रेस्क्यू किया। मामले में फैक्ट्री संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण के निर्देश पर दौलतपुरा थाना पुलिस और एएचटीयू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरे कृष्णा होटल के पीछे स्थित केजुंड एंटरप्राइजेज में छापेमारी की।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में पांच बच्चे ‘नेचुयर नूडल्स’ ब्रांड के नूडल्स की पैकिंग करते हुए मिले। मौके से बच्चों द्वारा पैक किए गए पांच पैकेट भी बरामद किए गए, जिन पर कंपनी का नाम और वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र जयपुर का पता अंकित था।

रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गांधी नगर स्थित बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया। समिति के निर्देश पर बच्चों को संरक्षण और पुनर्वास के लिए अधिकृत संस्था को सौंप दिया गया।

पुलिस ने फैक्ट्री संचालक मनीष अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में कितने समय से बच्चों से काम कराया जा रहा था और इस गतिविधि में अन्य कौन लोग शामिल हैं। मामले की पुलिस जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

अपने हितैषी समझे जाने वाले ही पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। पठन पाठन में स्थिति कमजोर रहेगी। किसी से वाद-विवाद अथवा कहासुनी होने का भय रहेगा। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जल्दबाजी में कोई भूल संभव है। आय-व्यय समान्य रहेगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 29°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़