नोएडा, 31 जुलाई।
एटीएम मशीन में तोड़फोड़ कर अज्ञात बदमाशों ने उसमें लगे कीमती उपकरण और बैटरियां चोरी कर लीं। घटना थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के हल्द्वानी गांव की है। बदमाश एटीएम के बैंक रूम से तीन बैटरी, यूपीएस, आईटी, स्टेबलाइजर, नेटवर्क मॉडम और बोल्ट का डायलर सहित अन्य सामान ले गए।
पुलिस के अनुसार, सुपरटेक इको विलेज-3 निवासी दीपक गरकोटी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वह इंडिया वन पेमेंट्स लिमिटेड में जोनल ऑपरेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कंपनी का एक एटीएम हल्द्वानी गांव में स्थापित है।
शिकायत में बताया गया कि रात के समय एटीएम में पैसे डालने पहुंचे कस्टोडियन सुबोध ने मशीन की स्थिति देखी तो पता चला कि अज्ञात लोगों ने एटीएम के बैंक रूम में घुसकर वहां रखे उपकरण चोरी कर लिए हैं। बदमाशों ने एटीएम मशीन को भी नुकसान पहुंचाया।
थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश एटीएम में रखी नकदी चोरी करने में सफल नहीं हो सके। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
















