शिमला, 31 जुलाई।
पुलिस कार्रवाई में कार से 5.291 किलोग्राम अफीम पोस्त बरामद की गई है। शिमला जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुमारसैन क्षेत्र के महोली गांव निवासी पिंकू राम (42) पुत्र रती राम के रूप में हुई है। आरोपी कार का मालिक बताया जा रहा है और उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
यह मामला थाना कुमारसैन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई उपमंडल रामपुर के डिटेक्शन सेल में तैनात टीम की शिकायत के आधार पर की।
जानकारी के मुताबिक, 30 जुलाई की शाम करीब पांच बजे डिटेक्शन टीम सैंज और सैंज-लुहरी मार्ग (एनएच-305) पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क के नीचे एक कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की जांच की तो उसमें एक व्यक्ति मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से अफीम पोस्त बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की पुलिस जांच जारी है।
















