Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अपराध
31 Jul, 2026

पुष्पक एक्सप्रेस में युवक मृत मिला, बीना स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन

बीना में पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच में युवक का शव मिलने के बाद ट्रेन को आपात स्थिति में रोका गया और जीआरपी ने जांच शुरू कर दी।

बीना, 31 जुलाई।

पुष्पक एक्सप्रेस में एक युवक के मृत मिलने के बाद ट्रेन को आपात स्थिति में बीना रेलवे स्टेशन पर रोका गया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से लखनऊ जा रही ट्रेन क्रमांक 15334 के जनरल कोच में करीब 30 वर्षीय युवक का शव शौचालय के पास संदिग्ध हालत में मिला। ट्रेन जब कुरवाई कैथोरा स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी गार्ड की नजर कोच के बाहर लटके युवक पर पड़ी।

घटना की सूचना तत्काल रेलवे कंट्रोल को दी गई, जिसके बाद ट्रेन को निर्धारित ठहराव नहीं होने के बावजूद बीना स्टेशन पर आपात रूप से रोका गया। रात करीब 12 बजे पुष्पक एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म क्रमांक-4 पर खड़ा किया गया। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक डीके जैन की सूचना पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेजा गया।

जीआरपी की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान गोरावर सिंह (30) पिता कुंजीलाल निवासी कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। उसके पास से पुराना रेल टिकट, आयुष्मान कार्ड और अन्य पहचान दस्तावेज मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने शौचालय को अंदर से बंद कर लिया था। इसके बाद गमछे की सहायता से फंदा बनाया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

जीआरपी के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी तक युवक के इस कदम उठाने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

घटना के कारण पुष्पक एक्सप्रेस बीना स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। ट्रेन पहले से लगभग एक घंटे की देरी से चल रही थी और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब दो घंटे की देरी से लखनऊ के लिए रवाना हुई।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के लिए कोरबा कंट्रोल रूम से संपर्क किया है। परिजनों के बीना पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

|
आज का राशिफल

अपने हितैषी समझे जाने वाले ही पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। पठन पाठन में स्थिति कमजोर रहेगी। किसी से वाद-विवाद अथवा कहासुनी होने का भय रहेगा। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जल्दबाजी में कोई भूल संभव है। आय-व्यय समान्य रहेगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 29°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़