शिमला, 03 अगस्त।
राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब आठ ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस थाना ढली की टीम सोमवार को क्षेत्र में गश्त के दौरान नशा तस्करी पर नजर रखे हुए थी। इसी बीच पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि दो युवक अपने कमरे में हेरोइन रखकर स्थानीय युवाओं तक इसकी आपूर्ति कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी लेने पर कमरे से करीब आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ठियोग निवासी दीपक वर्मा और संजौली निवासी साहिब सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।
















