Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

धर्म / अध्यात्म
03 Aug, 2026

चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में निकली बाबा महाकाल की शाही सवारी, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

सावन के पहले सोमवार पर उज्जैन में बाबा महाकाल की शाही सवारी चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में निकली, जहां तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, वहीं प्रदेशभर के प्रमुख शिवालयों और कांवड़ यात्राओं में भी आस्था का सैलाब उमड़ा।

उज्जैन, 03 अगस्त।

सावन के पहले सोमवार पर पूरे मध्य प्रदेश में शिवभक्ति का उल्लास देखने को मिला। उज्जैन में भगवान महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली गई, जिसमें बाबा 'चंद्रमौलेश्वर' स्वरूप में चांदी की पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। दोपहर तक 3.05 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही ओंकारेश्वर, मंदसौर के पशुपतिनाथ और भोजपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

सावन के प्रथम सोमवार पर श्री महाकालेश्वर मंदिर के पट देर रात 2:30 बजे खोले गए, जिसके बाद भस्म आरती संपन्न हुई। दूध, दही, पंचामृत और भांग से विशेष पूजन एवं श्रृंगार के बाद दोपहर में बाबा महाकाल की शाही सवारी गाजे-बाजे के साथ निकली। भगवान महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर तथा हाथी पर मनमहेश स्वरूप में विराजमान होकर प्रजा का हाल जानने निकले। दोपहर 1:30 बजे तक नंदी हॉल और कार्तिक मंडपम के माध्यम से 3,05,797 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। पूरे मार्ग पर 'हर-हर महादेव' और 'जय श्री महाकाल' के जयघोष गूंजते रहे।

उज्जैन के अलावा खंडवा स्थित ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी बाबा की शाही सवारी गौमुख घाट और कोटितीर्थ पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक किया गया। मंदसौर के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर और रायसेन के ऐतिहासिक भोजपुर शिव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भोजपुर में दोपहर तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सभी प्रमुख मंदिरों में भीड़ को देखते हुए पुलिस और मंदिर प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं कीं।

सावन के पहले सोमवार पर प्रदेशभर में कांवड़ यात्रा को लेकर भी उत्साह चरम पर रहा। नर्मदापुरम के सेठानी घाट से नर्मदा जल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए पचमढ़ी स्थित जटाशंकर महादेव के लिए रवाना हुए। वहीं भोपाल, ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव, खजुराहो के मतंगेश्वर धाम, बांदकपुर के जागेश्वर धाम सहित आष्टा, उमरिया और श्योपुर के विभिन्न शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु या नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। नौकरी में पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। बिगड़ा कार्य बनेगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़