अनूपपुर, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित वैतरणी बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वसीम अहमद भट्ट ने विकास प्राधिकरण कार्यालय का दौरा कर दुकानदारों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों ने बस स्टैंड की बदहाल व्यवस्थाओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
बैठक में दुकानदारों ने आरोप लगाया कि अमरकंटक विकास प्राधिकरण और नगर परिषद की अनदेखी के कारण उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बकाया राशि, बस स्टैंड की अव्यवस्थाओं और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई।
व्यापारियों ने बताया कि वैतरणी बस स्टैंड की कई दुकानें लंबे समय से बंद हैं, जबकि उनके सामने अस्थायी दुकानों का संचालन हो रहा है। उनका कहना है कि इससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और स्थायी दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा सड़क, पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव, बारिश में जलभराव, गंदगी, असामाजिक गतिविधियों और आवारा मवेशियों की समस्या भी सामने रखी गई।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि रखरखाव नहीं होने से विकास प्राधिकरण की कई दुकानों के शटर जर्जर हो चुके हैं और कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं। उन्होंने बस स्टैंड परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद को बस स्टैंड के सामने हुए अतिक्रमण को हटाने, नियमित साफ-सफाई कराने और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने स्वयं बस स्टैंड और विकास प्राधिकरण की दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।














