कोलकाता, 06 अगस्त।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने गुरुवार को कोलकाता के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) ऑडिटोरियम में महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कोलकाता पुलिस आयुक्तालय से संबंधित 31 लंबित शिकायतों के साथ 12 नई शिकायतों पर भी सुनवाई की गई। अधिकारियों की ओर से प्रस्तुत एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) के आधार पर 25 मामलों का निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आशीष बिस्वास, संयुक्त पुलिस आयुक्त (विधि) भास्कर मुखर्जी, कोलकाता नगर निगम के संयुक्त आयुक्त ज्योतिर्मय तांती, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के प्रतिनिधि, संरक्षण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राष्ट्रीय महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष लंबित मामलों का भी जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।














