राजगढ़, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर गुरुवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के मोतीपुरा चौकी के पास सड़क किनारे खड़ी महिला को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार महिला को करीब 20 से 30 फीट तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से महिला को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ी सराना गांव निवासी हेमराज दांगी अपनी पत्नी गोकलबाई दांगी के साथ बाइक से अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। मोतीपुरा चौकी के पास हेमराज खेत की ओर उतरे, जबकि गोकलबाई सड़क किनारे बाइक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान नरसिंहगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। उनकी बड़ी बेटी अस्मिता दांगी भारतीय नौसेना में कार्यरत हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला नरसिंहगढ़ थाने को भेज दिया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।















