जोधपुर, 06 अगस्त।
राजस्थान के जोधपुर जिले में देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ सीमा के पास बुधवार रात श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से देचू उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही देचू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार, सभी यात्री महाराष्ट्र से राजस्थान के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आए थे। वे रामदेवरा में दर्शन करने के बाद ओसियां स्थित मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रारंभिक जांच में वाहन का एक्सल टूटना दुर्घटना का कारण बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, एक्सल टूटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में घायल सभी लोग महाराष्ट्र के नासिक, बुलढाणा और धुले जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।















