मंदसौर, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के मंदसौर में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने गुरुवार को कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं और संचालन प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम शुभम पाटीदार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी में पहुंचे लहसुन उत्पादक किसानों से चर्चा कर फसल की नीलामी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने लहसुन की गुणवत्ता का अवलोकन किया और मंडी परिसर में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
किसानों की ओर से रखी गई समस्याओं और शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंडी में मौजूद एक व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर किसानों को किए जा रहे भुगतान की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने मंडी में लाई गई सोयाबीन की फसल का भी निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। इसके बाद मंडी कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मंडी संचालन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।














