अनूपपुर, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर में गुरुवार को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल की ओर से 'विकसित भारत@2047' विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास, आयुष्मान भारत, नई शिक्षा नीति, महिला सशक्तीकरण और पत्रकार कल्याण योजना सहित कई विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास को विकसित भारत@2047 की परिकल्पना के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। साथ ही जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने नल-जल योजना और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की भी जानकारी दी।
पीआईबी भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की पत्रकार कल्याण योजना के तहत मृत्यु, स्थायी दिव्यांगता, गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में पत्रकारों और उनके परिवारों को एकमुश्त अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त दोनों प्रकार के पत्रकारों को मिल सकता है।
केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य देवेंद्र कुमार तिवारी ने नई शिक्षा नीति और सार्वजनिक परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन के लिए केंद्र और राज्य सरकारें जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी जानकारी दी गई। अंत में विशेषज्ञों ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए और कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।














