जोधपुर, 06 अगस्त।
राजस्थान के जोधपुर में ग्रामीण पुलिस की डीएसटी और बोरूंदा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली गोलियों के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने ऑटोमोबाइल्स की दुकान की आड़ में अफीम से बनी नशीली गोलियों की कथित तस्करी करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 32,284 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिली सूचना पर डीएसटी और बोरूंदा थाना पुलिस ने कस्बे में स्थित एक ऑटोमोबाइल्स दुकान पर छापेमारी की। इसके साथ ही दुकान संचालक के आवास की भी तलाशी ली गई।
कार्रवाई के दौरान दुकान मालिक पन्नालाल के कब्जे से अफीम से निर्मित 32,284 नशीली गोलियां बरामद हुईं। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपित को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पीपाड़ शहर थाना पुलिस को सौंपी गई है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की इसमें क्या भूमिका रही है।















