राजगढ़, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को नशा मुक्ति, छात्र संवाद और 'सेल्फी विद एसपी' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का स्वागत किया। संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने शिक्षा, करियर, पुलिस सेवा, व्यक्तित्व विकास और जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने विस्तार से जवाब दिया।
अमित तोलानी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान 'सेल्फी विद एसपी' अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि विद्यार्थी संस्कार, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश का भविष्य और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष केपी. पंवार, प्राचार्य महेश कुमार गुप्ता, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।














