काठमांडू, 23 सितंबर।
नेपाल के अध्यागमन विभाग ने 88 चीनी नागरिकों के व्यावसायिक वीजा रद्द कर दिए हैं। विभाग के अनुसार ये सभी नेपाल में व्यावसायिक वीजा पर रह रहे थे, लेकिन जांच के दौरान उन्हें वीजा के निर्धारित उद्देश्य और शर्तों के विपरीत गतिविधियों में शामिल पाया गया। अब इनके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ देश से निष्कासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अध्यागमन विभाग के निदेशक टीकाराम ढकाल के अनुसार सभी 88 चीनी नागरिक सिंधुली जिले में निर्माणाधीन जियान फुड्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े थे। यह परियोजना छेन्दु टियान फुड लिमिटेड की आर्थिक साझेदारी में नेपाल में संसाधित भैंस के मांस का चीन निर्यात करने के लिए विकसित की जा रही है।
अधिकारी के मुताबिक इन सभी नागरिकों ने अलग-अलग कंपनियों के नाम पर व्यावसायिक वीजा प्राप्त किया था। जांच में उनके काम और वीजा के लिए निर्धारित उद्देश्य के बीच अंतर पाया गया। इसके बाद वीजा रद्द करने की कार्रवाई की गई। साथ ही अध्यागमन अधिनियम, 2049 के तहत जुर्माना और निष्कासन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
अध्यागमन विभाग ने नेपाल में रह रहे विदेशी नागरिकों को अपने वीजा में निर्धारित उद्देश्य और शर्तों का पालन करने की सलाह दी है। विभाग ने उद्योगों, कंपनियों, प्रतिष्ठानों और नियोक्ताओं को भी चेतावनी दी है कि उचित वीजा और जरूरी अनुमति के बिना किसी विदेशी नागरिक को काम पर न रखें।
विभाग के अनुसार यदि कोई विदेशी नागरिक अध्यागमन कानून या नेपाल में लागू अन्य कानूनों का उल्लंघन करते हुए गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल में व्यापार या औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के लिए अनुमति प्राप्त विदेशी नागरिकों तथा संबंधित संस्थाओं के आधिकारिक प्रतिनिधियों को संबंधित निकाय की सिफारिश के आधार पर व्यावसायिक वीजा जारी किया जाता है। नेपाल में निर्मित वस्तुओं की खरीद कर उन्हें विदेश भेजने वाले विदेशी नागरिक भी निर्धारित प्रावधानों के तहत इस वीजा के लिए पात्र होते हैं।
अध्यागमन नियमों के मुताबिक व्यावसायिक वीजा पाने वाले विदेशी नागरिक को उसी उद्देश्य के लिए नेपाल में रहना होता है, जिसके आधार पर वीजा जारी किया गया है। इस वीजा के आधार पर रोजगार, श्रम या अन्य असंबंधित गतिविधियां करने की अनुमति नहीं है।
विभाग ने बताया कि निगरानी के दौरान कुछ विदेशी नागरिक ऐसी गतिविधियों में पाए गए, जो उनके वीजा की सिफारिश और स्वीकृति से जुड़े कारोबार या निवेश से अलग थीं। इनमें रोजगार, श्रम और अन्य असंबंधित गतिविधियां शामिल थीं। इसके बाद संबंधित नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
















