शिवपुरी, 28 सितंबर।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामले संवेदनशील और पारिवारिक होते हैं, इसलिए प्रशासन और पुलिस को प्रकरण की पूरी पृष्ठभूमि समझकर न्यायसंगत कार्रवाई करनी चाहिए। महिला सुरक्षा, समानता और न्याय को प्राथमिकता देना जरूरी है।
सोमवार को शिवपुरी के सर्किट हाउस में राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई। आयोग अध्यक्ष ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आई महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में करीब 50 शिकायतों पर सुनवाई हुई। इनमें 40 महिलाओं ने स्वयं उपस्थित होकर आवेदन दिए। शिकायतों में साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख थीं। पात्र महिलाओं को तीन दिन में योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
रहाटकर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक पहुंचना है। उन्होंने महिला हितैषी कानूनों के दुरुपयोग से बचने की अपील की। पुलिस को मानव तस्करी रोधी तंत्र मजबूत करने और पीड़ित महिलाओं को हेल्पलाइन के जरिए तत्काल सहायता देने के निर्देश भी दिए।














