भोपाल, 06 अक्टूबर।
मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट का सातवां संस्करण 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अक्टूबर को इसका शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे।
आयोजन में 34 देशों के 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ 15 राज्यों के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर सहित 600 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। चार दिवसीय मार्ट में 10 हजार से अधिक पूर्व-निर्धारित व्यापारिक बैठकें होंगी। इसके लिए ऑनलाइन समय-सारणी प्रणाली तैयार की गई है।
राज्य के 355 स्थानीय पर्यटन हितधारकों की देश-विदेश के खरीदारों, टूर ऑपरेटरों, होटल समूहों, विमानन कंपनियों और यात्रा एजेंसियों से सीधी बातचीत होगी। सीहोर के रामगढ़ में 848.40 करोड़ रुपये के पर्यटन निवेश समझौते की भी तैयारी है।
पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि 2025 में प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 प्रतिशत वृद्धि हुई और कुल आंकड़ा 21.05 करोड़ पहुंचा। राज्य सरकार 2030 तक मध्यप्रदेश को प्रमुख साहसिक पर्यटन स्थल बनाने और वन्यजीव राजधानी के रूप में विकसित करने पर काम कर रही है।
अतिथियों के लिए मध्यप्रदेश का पारंपरिक भोजन भी परोसा जाएगा। ‘मां की रसोई’ में कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटियां, दाल-बाफला और अन्य स्थानीय व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।














