भोपाल, 06 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास को देश की विरासत से जोड़कर नई दिशा दी है। टीटीनगर स्थित मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए संसद भवन में भारतीय संस्कृति और भारतीयता की झलक दिखाई देती है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की चित्रकला और भाषण प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम में 55 जिलों से चयनित चित्रकला कृतियों का प्रदर्शन हुआ। भाषण प्रतियोगिता में अशोकनगर की श्रीजी मिश्रा प्रथम, धार की छवि मंगरोलिया द्वितीय और गुना की रानी रजक तृतीय रहीं। चित्रकला में नरसिंहपुर के आयुष अहिरवार, बालाघाट की डीनू बोपचे और टीकमगढ़ की आयुषी सिद्धी नामदेव को पुरस्कार मिले।
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा सुधार के लिए जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवन बनाने, शिक्षकों की भर्ती और विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप तथा अन्य सुविधाएं देने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।














