भोपाल, 06 अक्टूबर।
लाल परेड ग्राउंड में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने रैंप से विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर हाथ मिलाया और उनके सपनों, आकांक्षाओं तथा सरकार से अपेक्षाओं पर चर्चा की।
ओरिएंटल कॉलेज की आयशा खान के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 कृषक कल्याण को समर्पित है। सरकार खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती, नई फसलों, अनुबंध खेती और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। इस वर्ष पौने 14 लाख किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।
एआई और स्टार्टअप पर नीशा वारस्कर के प्रश्न पर उन्होंने भोपाल में एआई और ज्ञान नगरी तथा उज्जैन में विज्ञान नगरी विकसित होने की जानकारी दी। युवाओं को स्टार्टअप के लिए पांच लाख रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है।
खेलों पर मुख्यमंत्री ने भोपाल के विश्वस्तरीय खेल परिसर, 230 विधानसभा क्षेत्रों में खेल स्टेडियम और उच्च शिक्षा में खेल पाठ्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा वर्ष में खेल क्षेत्र को प्राथमिकता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले वर्षों में 15 हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य है। साथ ही नशामुक्त प्रदेश, तीर्थाटन, एआई आधारित सिंहस्थ प्रबंधन और नई तकनीक को बढ़ावा देने की बात कही।














